लखनऊ निगम की बैठक में जमकर हुआ ड्रामा, पार्षद ने आत्महत्या की दी धमकी तो साथी पकड़कर लाए - Hindi Khabar Abtak - Hindi news, English News, Latest News in Hindi and English, Breaking News

Hindi Khabar Abtak - Hindi news, English News, Latest News in Hindi and English, Breaking News

Hindi Khabar Abtak brings you the latest news and videos from the Top Hindi Breaking News Studios in India. Stay tuned with the updated news in Hindi as Well as in English from India and the World. You can access videos and photos on your device with the Hindi Khabar Abtak.

Breaking

Home Top Ad

Post Top Ad

Responsive Ads Here

Wednesday, 28 February 2024

लखनऊ निगम की बैठक में जमकर हुआ ड्रामा, पार्षद ने आत्महत्या की दी धमकी तो साथी पकड़कर लाए

लखनऊ: नगर निगम में बुधवार को विशेष सदन की बैठक आरोप, अपशब्दों और धमकियों की भेंट चढ़ गई। बैठक में सरोजनीनगर द्वितीय वॉर्ड से बीजेपी पार्षद रामनरेश रावत ने नगर आयुक्त पर सीधे भ्रष्टाचार का आरोप लगा दिया। इस पर नगर आयुक्त आपा खो बैठे। काफी देर बहस के बाद वह सदन छोड़कर चले गए। इसके बाद मेयर और पार्षद में बहस होने लगी। मामला इतना बढ़ा कि पार्षद और कार्यकारिणी उपाध्यक्ष गिरीश गुप्ता में गाली-गलौज शुरू हो गई और दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दे डाली। इस पर बाकी पार्षदों ने राम नरेश रावत को घसीटकर बाहर किया। फिर पुलिस बुलाई गई। भाजपा पदाधिकारी भी पहुंचे। पदाधिकारियों ने पार्षद को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आश्वासन दिया, तब मेयर और नगर आयुक्त दोबारा सदन में गए।

'पार्षद खुद भ्रष्टाचार के दलदल में'

भ्रष्टाचार का आरोप लगाने पर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने पार्षद राम नरेश रावत को खूब-खरी खोटी सुनाई। उनके साथ सभी अपर नगर आयुक्त भी सदन छोड़कर चले गए। इसके बाद ने पार्षद से सदन छोड़कर जाने को कह दिया। मेयर ने कहा कि पार्षद ने शीशे जैसे साफ इंसान पर गलत आरोप लगाया। ऐसे पार्षद को सदन में रहने की कोई जरूरत नहीं। मेयर ने पार्षद के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत होने की बात कही। कहा कि जो खुद भ्रष्टाचार के दलदल में है, वह दूसरों पर आरोप लगा रहा है।

'आपकी दया से टिकट नहीं मिला'

मेयर ने बाहर जाने को कहा कि राम नरेश रावत उनसे भी भिड़ गए। पार्षद ने यहां तक कह दिया कि आपकी दया से बीजेपी से टिकट नहीं मिला है, जो सदन से बाहर चला जाऊं। पार्टी में काम करने से टिकट मिला और जीतकर आया हूं। इसके बाद मेयर ने जोन एक के जोनल अफसर को तुरंत पुलिस बुलाकर पार्षद को बाहर करने का निर्देश दे दिया।

'कंपनी से क्या ऑफर मिला है?'

पुलिस के आने से पहले बीजेपी के कई पार्षद राम नरेश को समझाने पहुंचे और सदन से बाहर जाने के लिए कहने लगे तो वह उनसे भी भिड़ गए। राम नरेश रावत ने यहां तक कह दिया कि रेमकी कंपनी को काम देने के लिए आप लोगों को क्या ऑफर मिला है। यह बात उन्होंने कई बार कही। एक बार ऐसी स्थिति आई कि बीजेपी के ही पार्षद उन्हें मारने दौड़ पड़े। हालांकि, विपक्ष के पार्षदों ने मामला संभाला।

सुसाइड की धमकी दी

सदन से बाहर निकाले जाने पर राम नरेश रावत ने नगर निगम मुख्यालय से छलांग लगाने की धमकी दे डाली। कहा कि मेरी मौत का जिम्मेदार सीधे तौर पर नगर आयुक्त और मेयर होंगी। यह सुनकर साथी पार्षद उन्हें पकड़कर दोबारा सदन में लाए और शांत करवाया।

बीजेपी महानगर अध्यक्ष को बुलाना पड़ा

पार्षद की बदजुबानी पर मेयर ने सदन स्थगित कर बीजेपी महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी को बुला लिया। महानगर अध्यक्ष ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर पार्षद को कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पार्षद से भी मुलाकात की। इसके बाद नगर आयुक्त और मेयर दोबारा सदन में गए।

गलत आरोप पर किसी को नहीं छोड़ूंगा

दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू होने पर नगर आयुक्त ने कहा कि गलत आरोप कभी बर्दाश नहीं करूंगा। बगैर साक्ष्य के किसी ने गलत आरोप लगाए तो किसी हालत में नहीं छोड़ूंगा। उन्होंने कहा कि हम सभी शहर के लिए काम कर रहे हैं। अधिकारी-कर्मचारी दिन-रात व्यवस्था सुधारने में लगे हैं। ऐसे में इस तरह के आरोप काफी दुखी करते हैं।

आने लगे अफसरों के फोन

भ्रष्टाचार के आरोप पर नगर आयुक्त बेहद नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि ऐसी बात के लिए क्रिमनल केस तक करूंगा। वहीं, इस घटना के बाद नगर आयुक्त के पास तमाम अफसरों के फोन आने लगे।

लामबंद दिखे अफसर-कर्मचारी

नगर आयुक्त से अभद्रता पर नगर निगम मुख्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी लामबंद नजर आए। उप लेखा अधिकारी एपी तिवारी ने सदन में कहा कि इस तरह के गलत आरोप बर्दाश नहीं किए जाएंगे। पार्षद को बाहर नहीं किया गया तो कार्य बहिष्कार होगा। इसके लिए कर्मचारी नेता आनंद वर्मा और शशि मिश्रा सदन में पहुंच गए।

पार्षद ने बताया जान का खतरा

पार्षद राम नरेश रावत ने कहा कि उन्होंने कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाया, तब भी सदन में नगर आयुक्त ने 'आई विल किल यू' कहते हुए धमकी दी। अधिकारियों ने भी समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया, नगर आयुक्त चाहते हैं कि कि पार्षद सदन में कुछ न बोलें।

कार्यवाही में नहीं मिलती पुलिस फोर्स

नगर निगम के केयर टेकर विभाग का कहना है कि हर बार सदन की बैठक से हजरतगंज पुलिस को सूचना दी जाती है, लेकिन हंगामा इतना बढ़ने पर भी पुलिस पूरी तरह नदारद थी। आखिर में कॉल कर पुलिस बुलाई गई। ऐसे में सदन के दौरान पुलिस फोर्स की मौजूदगी के लिए डीसीपी को पत्र लिखा जाएगा।

मेयर पर पद को कलंकित करने का आरोप

कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि सदन की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मेयर ने पीठ पर आसीन रहते अमर्यादित टिप्पणी की। यह पद की गरिमा को कलंकित करता है।

कंपनी पर गुमराह करने का आरोप

मालवीय नगर वॉर्ड से कांग्रेस पार्षद ममता चौधरी ने कहा कि कूड़ा निस्तारण के लिए अनुबंधित चेन्नई एमएसडब्ल्यू पर साल 2012 में चेन्नई में दो करोड़ रुपये जुर्माना लगा था। वर्ल्ड बैंक ने 2021 में कंपनी को फ्रॉड घोषित किया था। आयकर विभाग ने भी 1200 करोड़ रुपये का टैक्स घपला पकड़ा। 300 करोड़ रुपये जमा भी करवाए। इस पर कंपनी के सीईओ मसूद मलिक ने बताया कि कंपनी को सिर्फ 2012 में नोटिस मिला था। रिव्यू के बाद वर्ल्ड बैंक ने मामला वापस ले लिया था। टैक्स वाला मामला कंपनी का नहीं शेयर होल्डर का था।

कूड़ा निस्तारण का लाइव वीडियो

सद में पार्षदों को शिवरी प्लांट में कूड़ा निस्तारण का लाइव वीडियो दिखाया गया। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने कहा कि 18 से 20 महीने में कूड़े के पहाड़ को खत्म कर दिया जाएगा। इसके साथ पर्यावरण नुकसान की मॉनिटरिंग का जिम्मा आईआईटीआर को सौंपा गया है। 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, 22 और लगेंगे।

छह महीने के काम का होगा रिव्यू

नगर आयुक्त ने बताया कि चेन्नई एमएसडब्ल्यू कंपनी के काम का रिव्यू करने के लिए न्यूनतम तीन महीने और अधिकतम छह महीने का वक्त दिया गया है। कंपनी डोर टु डोर कूड़ा उठान छह मार्च से शुरू करेगी।

शहर को स्वच्छ रखने के लिए जिंगल जारी

चेन्नई एमएसडब्ल्यू ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए 'सपनों का शहर' थीम पर जिंगल लॉन्च किया है। सीईओ मसूद मलिक ने बताया कि यहां भी विमेन जोन बनेगा, जिसमें ड्राइवर से लेकर मैनेजर तक महिलाएं होंगी।

हाउस टैक्स के साथ देना होगा यूजर चार्ज

सदन में हुए फैसला के मुताबिक अब लोगों को हाउस टैक्स के साथ ही कूड़े का यूजर चार्ज देना होगा। अगले सदन में जलकल के बिल को भी हाउस टैक्स के साथ वसूलने का प्रस्ताव रखा जाएगा।


from https://ift.tt/NIlBLHs

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad